*नोएडा में पेशी, बागपत जेल में रुका अनिल दुजाना -*
नोएडा कोर्ट में हत्या के मुकदमें की पेशी पर आए कुख्यात अनिल दुजाना को दो रात के लिए बागपत जेल में रोका गया है। कुख्यात के रुकने पर अधिकारियों ने जेल को छावनी बना दिया है। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात की गई है।
नोएडा में किसी समय आतंक का पर्याय बना कुख्यात अनिल दुजाना हाल में नेपाल बार्डर के पास स्थित महाराजगंज जेल में बंद है। 2012 में हुई हत्या के मामले में अनिल की आज यानि शनिवार को नोएडा कोर्ट में पेशी थी। पेशी के लिए पूर्व की भांति गुरुवार शाम को दुजाना बागपत जेल भेजा गया। कुख्यात के आते ही अधिकारियों ने जेल को छावनी में तब्दील कर दिया। तन्हाई बैरक के पास अतिरिक्त पुलिस के साथ पीएसी भी अधिकारियों ने तैनात की। किसी भी बंदी को कुख्यात के पास तक नहीं फटकने दिया। गुरुवार और शुक्रवार रात रुकने के बाद आज सुबह ही दुजाना नोएडा में पेशी पर जाएगा। यहां के बाद सुरक्षा के बीच वापस महाराज गंज जेल लौट जाएगा। कुख्यात को लेकर आई पुलिस टीम ने दोनों रात कोतवाली बैरक में बिताई। अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि अनिल दुजाना नोएडा कोर्ट में पेशी पर आया था। अधिकारियों के आदेश पर दो रात जेल में रोका गया। सुरक्षा को पुख्ता बंदोबस्त रहे।