हीरो, कर्मा, त्रिदेव जैसी फिल्मों में शानदार और दमदार अभिनय करने वाले अभिनेता जैकी श्रॉफ को उनके प्रशंसक 'हीरो' नाम से बुलाते हैं। भारतीय सिनेमा के लगभग चार दशक लंबे करियर में इन्होंने भारत की 13 अलग-अलग भाषाओं की लगभग 220 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। अलग-अलग श्रेणी में चार फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने वाले जैकी श्रॉफ को फीचर फिल्मों के अलावा शॉर्ट फिल्मों में भी महारत हासिल है। जय किशन काकूभाई श्रॉफ के नाम से जन्मे इस अभिनेता को 'जैकी' नाम इनके एक सहपाठी ने दिया था, जिसे बाद में निर्देशक सुभाष घई ने 'हीरो' में तब्दील कर दिया। आज हम आपको इनकी कुछ खास फिल्मों के बारे में बताते हैं।
हीरो (1983)
मुख्य अभिनेता के तौर पर जैकी श्रॉफ की यह पहली फिल्म है। इस फिल्म के निर्देशक सुभाष घई ने ही जैकी श्रॉफ को 'हीरो' बनाया है। इसके बाद जैकी श्रॉफ और सुभाष घई ने कई सफल फिल्मों में एक साथ काम किया। यह फिल्म एक अपराधी की प्रेम कहानी पर आधारित है। फिल्म में मीनाक्षी शेषाद्री ने मुख्य अभिनेत्री का किरदार निभाया है, जोकि एक अपराधी जयकिशन (जैकी श्रॉफ) से प्यार करने लगती है।
कर्मा (1986)
जैकी श्रॉफ की इस फिल्म को भी सुभाष घई ने ही निर्देशित किया है। इस फिल्म के मुख्य किरदार दिलीप कुमार, नूतन, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, नसीरुद्दीन शाह और अनुपम खेर हैं। यह फिल्म देश के ऊपर मर मिटने वाले जवानों की कहानी है। भारत में जब गणतंत्र दिवस मनाया जाता है, या फिर स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है, तो इस फिल्म का गाना 'ए वतन तेरे लिए' हमेशा लोगों की जुबान पर रहता है।
राम लखन (1989)
यह फिल्म एक क्राइम ड्रामा फिल्म है, जिसमें जैकी श्रॉफ को इंस्पेक्टर राम प्रताप सिंह और अनिल कपूर को लखन प्रताप सिंह के नाम से जाना गया। निर्देशक सुभाष घई की इस फिल्म में जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने और समीक्षकों ने बहुत सराहा, साथ ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी बहुत अच्छा व्यापार किया। जैकी और अनिल के साथ इस फिल्म में डिंपल कपाड़िया और माधुरी दीक्षित भी मुख्य भूमिका में हैं।
परिंदा (1989)
निर्माता और निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की इस क्राइम ड्रामा फिल्म में जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, नाना पाटेकर, माधुरी दीक्षित और सुरेश ओबेरॉय मुख्य भूमिका में हैं। गुनाहों के आकाओं के इर्द गिर्द घूमती इस फिल्म को और इस फिल्म के किरदारों को दर्शकों और समीक्षकों का भरपूर प्यार मिला। इसी वजह से इस फिल्म ने दो राष्ट्रीय पुरस्कार और इस फिल्म के लिए जैकी श्रॉफ को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया।
त्रिदेव (1989)
राजीव राय के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म के त्रिदेव यानी सनी देओल, जैकी श्रॉफ और नसीरुद्दीन शाह कहीं दूर दराज में जाकर फिल्म के विलेन यानी भुजंग (अमरीश पुरी) के साम्राज्य को तबाह करते हैं। इस फिल्म में माधुरी दीक्षित, सोनम और संगीता बिजलानी भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म उस समय में ब्लॉकबस्टर हिट हुई थी, जिसके लिए निर्देशक और सारे कलाकारों को खूब सराहा गया था।
खलनायक (1993)
फिल्म खलनायक का नाम सामने आते ही सबसे पहले जहन में संजय दत्त का नाम आता है, लेकिन इस फिल्म में जैकी श्रॉफ का भी बहुत बड़ा हाथ है। जब अपराधी बल्लू (संजय दत्त) गायब हो जाता है, तो उसे खोज कर निकालने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर राम (जैकी श्रॉफ) की रहती है, जिसका किरदार जैकी श्रॉफ ने निभाया है। यह उनका सहायक भूमिका में किरदार है, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए भी नामित किया गया।
गर्दिश (1993)
इस फिल्म का लेखन और निर्देशन ज्यादातर कॉमेडी फिल्माने वाले प्रियदर्शन ने किया है। 1989 में आई मलयालम फिल्म 'किरीदम' की इस रीमेक फिल्म में जैकी श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया मुख्य किरदार में है। इस फिल्म ने दो फिल्म फेयर अवार्ड जीते, और साथ ही इस फिल्म के लिए जैकी श्रॉफ को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए भी नामित किया गया। इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से भी खूब सराहना मिली।
1942 : ए लव स्टोरी (1994)
इस फिल्म को इसके खास गीत और संगीत के लिए जाना जाता है। 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' गीत भला किसे याद नहीं होगा? यह फिल्म एक देशभक्त की प्रेम कहानी पर आधारित है। फिल्म की मुख्य भूमिका में कलाकार अनिल कपूर, मनीषा कोईराला, जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर आदि हैं। इस फिल्म के लिए जैकी श्रॉफ को सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया है।
जेपी दत्ता के निर्देशन और निर्माण में बनी यह फिल्म अपने समय की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में सनी देओल, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी,अक्षय खन्ना आदि मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बीच सन 1971 में हुई लड़ाई के मद्देनजर फिल्माई गई है। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ ने एयर फोर्स के विंग कमांडर एंडी बाजवा का किरदार निभाया है। इस फिल्म के गीत 'संदेशे आते हैं' को आज भी राष्ट्रीय पर्वोंपर याद किया जाता है।