कानपुर में भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा से लड़ाई में बिठूर में गंगा घाटों की सफाई ठप हो गई है। घाटों में जगह-जगह गंदगी फैली है। गंगा की सफाई कार्य को भी करारा झटका लगा है। नमामि गंगे परियोजना के तहत विशाल प्रोटेक्शन फोर्स को शहर और बिठूर के घाटों की सफाई की जिम्मेदारी सवा साल पहले सौंपी गई थी।
कंपनी ने तय समय से कई महीने बाद घाटों में सफाई शुरू की। इसी कार्य को लेकर कंपनी का बिठूर के विधायक अभिजीत सांगा और उनकी मां व बिठूर नगर पंचायत की अध्यक्ष डॉ. निर्मला सिंह से विवाद हो गया। कंपनी के महाप्रबंधक ने नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह को पत्र भेजकर विधायक और उनकी मां पर सफाई कार्य में अड़ंगा डालने का आरोप लगाया।